राहुल गांधी के काफ़िले की गाड़ियां पूर्वांचल एक्सप्रेस पर टकराईं, साथ चल रहे कांग्रेस नेता ने क्या बताया, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफ़िले की कुछ गाड़ियां उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं.
पवन खेड़ा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि 'सभी सुरक्षित' हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हादसा मामूली था और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है.

इमेज स्रोत, Dilip Yadav
काफ़िले में शामिल कांग्रेस नेता ने क्या बताया
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सेक्रेटरी और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अब्दुल हनन ने बीबीसी हिन्दी न्यूज़ को बताया कि वह भी उस काफ़िले का हिस्सा थे और कई गाड़ियां थीं.
हनन ने बताया, "एक गाड़ी रुक गई थी, जिससे पीछे की कुछ गाड़ियां आकर टकरा गईं. एक एंबुलेंस भी इसकी चपेट में आ गई थी. लेकिन यह हादसा बहुत मामूली था. किसी को कोई चोट नहीं आई है. सब सुरक्षित हैं."
हादसा सुलतानपुर ज़िले के हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 90 के पास हुआ.
दुर्घटना में चार कारें और एक एंबुलेंस शामिल थीं.
हलियापुर के थाना अध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक़, राहुल गांधी के वाहन के पीछे चल रही चार कारें और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं.
प्रारंभिक जानकारी में अचानक ब्रेक लगने को वाहनों की टक्कर की संभावित वजह बताया जा रहा है. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़, इस हादसे में एक कार का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया. राहुल गांधी सुरक्षित हैं और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए.
राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश हो रहे हैं. अदालत 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में फैसला सुनाने वाली है.
इससे पहले राहुल गांधी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे. वहां से वे सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे.
एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में इकट्ठा हुए थे.



















