अमेरिका की कौन सी अपील पर क्यूबा बोला- ऐसा लग रहा जैसे टूथपेस्ट बेच रहे

इमेज स्रोत, Eric Lee/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि ईरान से निपटने के बाद अमेरिका क्यूबा के मामले पर ध्यान देगा. ट्रंप ने संकेत दिया कि क्यूबा के साथ समझौते को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को भेजा जाएगा.
इसके बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए क्यूबा के लोगों से बदलाव लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग क्यूबा में सकारात्मक बदलाव चाहते हैं, उनके लिए यह सही समय है.
रुबियो ने एक्स पर पोस्ट किया, "क्यूबा में सकारात्मक बदलाव लाने की चाह रखने वालों के लिए अब सही समय है."
उन्होंने लिखा, "अधूरे वादों, भ्रष्टाचार और सिर्फ़ कुछ लोगों की ख़ास सुविधाओं वाली ज़िंदगी से निराश हैं, तो इस मौक़े का फ़ायदा उठाएं और सीआईए के साथ गुप्त साझेदारी करके अपनी पसंद का बदलाव लाएं."
वहीं, सीआईए ने सोशल मीडिया पर स्पेनिश भाषा में एक वीडियो जारी किया है, जिसमें क्यूबा के लोगों को सुरक्षित रूप से (वीपीएन और बर्नर ईमेल के ज़रिए) जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं.
क्यूबा के उप विदेश मंत्री कार्लोस फर्नांडीज डी कोसियो ने अमेरिका के इस कदम को उसकी "हताशा और लाचारी" बताया है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब अमेरिका सार्वजनिक रूप से सीआईए के लिए भर्तियां कर रहा है, जैसे कोई टूथपेस्ट बेच रहा हो.











