संसद के क़रीब नॉर्थ ब्लॉक के पास धुआं उठा, दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं

इमेज स्रोत, @milinddeora
सोमवार को सुबह संसद के नजदीक नॉर्थ ब्लॉक के पास एक घना धुआं देखा गया है.
बीजेपी सांसद मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर लिखा, “संसद जाते समय नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठता देखा. ऐसा लग रहा है कि वहां आग लगी हो सकती है. उम्मीद है कि सभी लोग सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से कार्रवाई कर रही होंगी.”
द हिंदू के मुताबिक़, “दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में मामूली आग लग गई. इमारत के चिलर प्लांट में लगा कूलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला फ़ाइबर टैंक आग की चपेट में आ गया. इमारत से काला धुआं उठता देख आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई.”
समाचार एजेंसी एआईएनएस के अनुसार, नॉर्थ ब्लॉक में वेल्डिंग का काम चलने के दौरान मामूली आग लग गई. बताया जा रहा है कि वेल्डिंग से निकली चिंगारी पास में रखे एक टैंक तक पहुंच गई, जिससे उसमें आग लग गई.
आग पर काबू पा लिया गया है. मौके पर इमारत के अंदर कुछ हिस्सों को खोलने का काम भी चल रहा था. घटना में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
आग लगने की सूचना सोमवार की सुबह 11 बजे के क़रीब मिली.
दिल्ली फ़ायर डिपार्टमेंट ने कहा कि दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया.
















