लाइव, जॉर्डन में ईरानी हमले में अमेरिका के इतने फ़ाइटर जेट क्षतिग्रस्त

जॉर्डन के मुवाफ़्फ़क सल्ती एयर बेस पर बुधवार सुबह ईरान ने मिसाइल हमला किया.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नेपाल बाढ़ की ड्रोन फ़ुटेज
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • बच्चे को बचाता हुआ शख़्स
  • चीन की लिफ़्ट
  • ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम
  • महिला का रेस्क्यू
  • दिल्ली में इमारत ढही

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. मायावती का एलान- आकाश आनंद पार्टी से पूरी तरह मुक्त

    मायावती

    इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह 'मुक्त' करने का एलान किया है.

    मायावती ने गुरुवार को कहा कि आकाश आनंद को पहले राष्ट्रीय संयोजक के पद की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया था और अब उन्हें पार्टी से भी पूरी तरह आज़ाद कर दिया गया है.

    बसपा के आधिकारिक हैंडल से एक्स पर जारी पोस्ट में लिखा गया, "दिनांक 3 सितम्बर 2026 को जिस प्रकार से (आकाश आनंद को) पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक के अति-महत्वपूर्ण पद की सभी अहम ज़िम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया था, उसी प्रकार अब उन्हें पार्टी में भी आज से पूरी तरह से फ्री (आज़ाद) कर दिया जाए."

    "आकाश आनंद पार्टी में अब स्वतंत्र रहना चाहते हैं तो वे स्वतंत्र हैं अर्थात ऐसे में अब इनको पार्टी से पूरे तौर से मुक्त कर दिया गया है."

    मायावती ने आकाश आनंद के ससुर और बसपा नेता अशोक सिद्धार्थ के राजनीति से संन्यास लेने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने इसे देर से उठाया गया 'सही कदम' बताया.

    हालांकि, मायावती ने आरोप लगाया कि यदि अशोक सिद्धार्थ ने यह फ़ैसला पहले ले लिया होता तो बसपा, बहुजन समाज, बहुजन मूवमेंट और आकाश आनंद को विपरीत परिस्थितियों का सामना नहीं करना पड़ता.

    दरअसल, मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उनके ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ से राजनीति से पूरी तरह संन्यास लेने की मांग की थी.

    इसके बाद गुरुवार को अशोक सिद्धार्थ ने संन्यास लेने का एलान कर दिया था. उन्होंने मायावती को संबोधित करते हुए एक्स पर लिखा, "बहन जी का हर आदेश मेरे लिए अंतिम है."

    आकाश आनंद को गुमराह करने और पार्टी पर कब्जे की कोशिश के आरोपों को साजिश बताया. उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों में आकाश आनंद से उनकी मुलाकात तक नहीं हुई.

  2. जॉर्डन में ईरानी हमले में अमेरिका के इतने फ़ाइटर जेट क्षतिग्रस्त

    मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, JACK GUEZ / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी हमले का जवाब देने के लिए जॉर्डन में तैनात अमेरिकी बलों ने 30 से अधिक पैट्रियट मिसाइलें दागीं (सांकेतिक तस्वीर)

    जॉर्डन के मुवाफ़्फ़क सल्ती एयर बेस पर बुधवार सुबह ईरान ने मिसाइल हमला किया.

    बीबीसी के अमेरिकी न्यूज़ पार्टनर सीबीएस न्यूज़ ने बताया कि इस हमले में कई अमेरिकी सैन्य विमानों के क्षतिग्रस्त होने की ख़बर है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, हमले में क़रीब आठ एफ़-15 लड़ाकू विमान मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुए. सूत्रों का कहना है कि मरम्मत के बाद इन विमानों को दोबारा अमेरिकी वायु बेड़े में शामिल कर लिया गया.

    सूत्रों के अनुसार, हमले में एक 'ए-10 थंडरबोल्ट' विमान भी मिसाइल की चपेट में आया. इस विमान का एक पंख पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. 'ए-10 को आमतौर पर उसके 'वॉर्थॉग' के नाम से भी जाना जाता है.

    सीबीएस न्यूज़ से बातचीत करने वाले ख़ुफ़िया सूत्रों ने बताया कि इस हमले में किसी अमेरिकी सैनिक की मौत नहीं हुई है. हालांकि, संवेदनशीलता को देखते हुए इन सूत्रों ने अपनी पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरानी हमले का जवाब देने के लिए जॉर्डन में तैनात अमेरिकी बलों ने 30 से अधिक पैट्रियट मिसाइलें दागीं.

    गौरतलब है कि ईरानी कार्रवाई से पहले अमेरिका ने ईरान के पांच तेल टैंकरों को निशाना बनाने की जानकारी दी थी.

  3. गरबा में मुस्लिमों की एंट्री पर रोक की मांग को लेकर क्या बोलीं देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता

    अमृता फडणवीस

    इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस (फ़ाइल फ़ोटो)

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने गरबा और नवरात्रि आयोजनों में धर्म के आधार पर एंट्री को लेकर बयान दिया है.

    उन्होंने बुधवार को कहा कि गरबा जैसे आयोजनों में सुरक्षा के लिहाज़ से आईकार्ड जांचना ठीक है, लेकिन धर्म के आधार पर लोगों को जांचना उचित नहीं है.

    अमृता फडणवीस ने कहा, "चाहे गरबा हो, नवरात्रि हो, ये अपने बहुत ही सुंदर फ़ेस्टिवल्स हैं, जो जग प्रसिद्ध हैं, लोग इसे पसंद करते हैं. आस्था, श्रद्धा से कोई भी आना चाहे, चाहे अपनी फ़ैमिलीज़ को लेकर आना चाहे, तो मुझे लगता है कि जाति-धर्म का उसमें भेद नहीं रहना चाहिए."

    उन्होंने कहा, "गरबा इतना हाई इंटेंसिटी इवेंट रहता है, तो आईकार्ड देखना एक बहुत अच्छी बात है, पर धर्म के बेसिस पर देखना ये ठीक नहीं है."

    दरअसल, नवरात्रि के दौरान महाराष्ट्र में होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने मुस्लिमों की एंट्री पर रोक लगाने की मांग की है.

    वीएचपी ने आयोजनों में प्रवेश से पहले पहचान पत्र की जांच करने और मुस्लिमों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.

    संगठन ने गरबा और डांडिया आयोजनों में प्रवेश के लिए तिलक लगाना अनिवार्य किए जाने की भी मांग की है.

  4. विजय माल्या बोले- क्या मुझे कॉकरोच बन जाना चाहिए

    विजय माल्या

    इमेज स्रोत, Jack Taylor/Getty Images

    इमेज कैप्शन, कारोबारी विजय माल्या ने कहा कि उनके साथ नाइंसाफ़ी हुई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    लंदन में रह रहे भारतीय मूल के कारोबारी विजय माल्या ने कहा है कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, उसे देखते हुए उन्हें लगता है कि अगर वह कॉकरोच होते तो शायद उनकी ज़िंदगी बेहतर होती.

    माल्या ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "मेरे साथ जितनी नाइंसाफ़ी हुई है और अब भी हो रही है, उसे देखते हुए मैं सोच रहा हूं कि क्या मुझे कॉकरोच बन जाना चाहिए. शायद कॉकरोच की दुनिया में ज़िंदगी बेहतर हो."

    इससे पहले माल्या ने दावा किया था कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दाख़िल एक हलफ़नामे में उनसे 14,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की वसूली किए जाने की बात स्वीकार की है. उनके मुताबिक़, यह रकम उन बैंकों को दी गई है, जिनका पैसा उन पर बकाया था.

    माल्या ने बुधवार को एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में अपने ब्रिटेन में रहने की स्थिति को लेकर भी सफ़ाई दी थी.

    उन्होंने लिखा, “जो लोग मुझे भारत आने से इनकार करने वाला भगोड़ा कहते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि मैं 1992 से यूनाइटेड किंगडम का स्थायी निवासी हूं. फ़िलहाल मुझे क़ानूनी तौर पर यह देश छोड़ने से मना किया गया है.”

    माल्या ने कहा था कि उनके मामले में भारत सरकार की ‘पोस्टर बॉय’ कार्रवाई से यह सब शुरू हुआ. उन्होंने सरकार पर उनके ख़िलाफ़ बेहद अन्यायपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया था.

  5. गुजरात: गांधीनगर में निर्माणाधीन इमारत में लोहे का स्लैब गिरा, 15 मज़दूर रेस्क्यू किए गए

    गांधीनगर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दो इमारतों के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था, इसी दौरान अचानक लोहे का स्लैब ढह गया

    गुजरात के गांधीनगर के कुडासन इलाके में बुधवार रात निर्माणाधीन इमारत में लोहे का बड़ा स्लैब गिरने से कई मज़दूर मलबे में दब गए.

    हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाकर अब तक 15 मज़दूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है.

    गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान का जायज़ा लिया.

    संघवी ने बताया कि 15 मज़दूरों को बचाया गया है. बचाए गए 12 मज़दूरों को गांधीनगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीन अन्य, जिन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई थी, उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे हुआ. दो इमारतों के बीच लोहे का स्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक लोहे का स्लैब ढह गया, जिसकी चपेट में वहां काम कर रहे मज़दूर आ गए.

    हादसे की सूचना मिलते ही फ़ायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद मलबे में फंसे मज़दूरों को निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.

    गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान का जायज़ा लिया.

    अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल मलबे में फंसे मज़दूरों की सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है. मौके पर बचाव अभियान अभी जारी है.

  6. डोनाल्ड ट्रंप ने बताया ईरान के साथ कब ख़त्म हो सकता है युद्ध

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान अब ज़्यादा समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रहा युद्ध नवंबर में होने वाले मिड टर्म चुनाव के तुरंत बाद ख़त्म हो सकता है.

    ट्रंप ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान अब ज़्यादा समय तक युद्ध जारी रखने की स्थिति में नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि तब तक तेल की क़ीमतों में गिरावट की उम्मीद नहीं है.

    ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध ख़त्म हो जाएगा, क्योंकि वे (ईरान) अब ज़्यादा देर तक टिक नहीं सकते."

    डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान टेक्सास में रिपब्लिकन पार्टी के पहले मिड टर्म कन्वेंशन से ठीक पहले आया है. इस कार्यक्रम के ज़रिए ट्रंप का मक़सद नवंबर में होने वाले मिडटर्म चुनाव से पहले पार्टी के नेताओं को एकजुट करना और उनमें चुनावी उत्साह भरना है.

    गौरतलब है कि ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध को लेकर ट्रंप पर अपनी ही रिपब्लिकन पार्टी के भीतर से भी दबाव बढ़ रहा है.

    इसके अलावा, युद्ध के बीच अलग-अलग सर्वे में उनकी लोकप्रियता में भी गिरावट देखने को मिल रही है.

  7. फिलीपींस: फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत और 87 लोग लापता

    फिलीपींस

    इमेज स्रोत, Philippine Coast Guard

    इमेज कैप्शन, यह हादसा फिलीपींस के पालावान प्रांत में कोरोन इलाके के पास समुद्र में हुआ

    फिलीपींस में एक फेरी (नाव) में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 87 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं. देश के कोस्ट गार्ड ने हादसे की जानकारी दी है.

    यह हादसा फिलीपींस के पालावान प्रांत में कोरोन इलाके के पास समुद्र में हुआ. आग एमवी जून एस्टर नाम की फेरी में लगी.

    कोस्ट गार्ड के मुताबिक़, हादसे के बाद 42 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं, कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायब्याब ने लोकल रेडियो स्टेशन को बताया कि 87 लोग अभी लापता हैं.

    कोस्ट गार्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि फेरी में कुल 134 लोग सवार थे. इनमें 117 यात्री और 17 क्रू के सदस्य शामिल थे. बचाए गए लोगों और हताहतों से जुड़ी मौजूदा जानकारी के आधार पर 87 लोगों की तलाश अभी जारी है.

    प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ये आंकड़े लगातार चल रहे खोज और बचाव अभियान के बीच सामने आए हैं. ऐसे में राहत एवं बचाव अभियान आगे बढ़ने के साथ लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है.

  8. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.