लाइव, पाकिस्तान ने हूती लड़ाकों को दी चेतावनी, कहा- 'मक्का समझौता' हो सकता है एक्टिव

पाकिस्तान ने कहा कि "मक्का रक्षा समझौते" के तीनों सदस्यों में से किसी पर भी हमले को लेकर "कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए" और ऐसे हमले को तीनों सदस्यों पर हमला माना जाएगा.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नेपाल बाढ़ की ड्रोन फ़ुटेज
  • विरोध प्रदर्शन करते रोबोट्स
  • बच्चे को बचाता हुआ शख़्स
  • चीन की लिफ़्ट
  • ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम
  • महिला का रेस्क्यू
  • दिल्ली में इमारत ढही

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. पाकिस्तान ने हूती लड़ाकों को दी चेतावनी, कहा- 'मक्का समझौता' हो सकता है एक्टिव

    सऊदी अरब पर हूतियों का हमला

    इमेज स्रोत, Handout/Houthi Media Center via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया था कि ईरान समर्थित हूती लड़ाकों की ओर से सऊदी अरब पर किए गए हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हुए

    पाकिस्तान ने कहा कि "मक्का रक्षा समझौते" के तीनों सदस्यों में से किसी पर भी हमले को लेकर "कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए" और ऐसे हमले को तीनों सदस्यों पर हमला माना जाएगा.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़ पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि सऊदी अरब पर हूती लड़ाकों के हमलों के बाद यह समझौता लागू हो सकता है.

    पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ़ की ये टिप्पणी यमन में ईरान समर्थित हूती हथियारबंद गुटों की ओर से सऊदी अरब के ख़िलाफ़ मिसाइल और ड्रोन के सिलसिलेवार हमले शुरू करने के कुछ घंटों बाद आई है.

    इन हमलों में शहरों और आर्थिक और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाया गया, और कम से कम 73 नागरिक घायल हो गए.

    पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि किसी भी सदस्य देश के ख़िलाफ़ कोई भी आक्रामकता, या यमन संघर्ष का सऊदी अरब तक फैलना मक्का समझौते को सक्रिय कर देगा.

    मक्का में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की ने हाल ही में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इसके मुताबिक़ इन तीनों में से किसी भी एक देश पर हमला, तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.

    उन्होंने आशा व्यक्त की कि तनाव कम होगा, लेकिन हूती गुट को चेतावनी दी कि वे यमन संघर्ष को देश की सीमाओं से बाहर न फैलाएं.

  2. राहुल गांधी ने पंजाब के वित्त मंत्री का मांगा इस्तीफ़ा, लगाए ये आरोप

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

    उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "पंजाब की आप सरकार में एक खतरनाक पैटर्न दिख रहा है - सरकारी नाकामी पर सवाल करोगे, तो जवाब धमकी और प्रताड़ना से मिलेगा."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति को पंजाब के वित्त मंत्री से सवाल पूछने के बाद इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने ख़ुदकुशी कर ली.

    राहुल गांधी ने कहा, "मुख्यमंत्री तत्काल वित्त मंत्री का इस्तीफा लें और सुनिश्चित करें कि एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो जिसकी एफ़आईआर में उनका नाम दर्ज किया जाए."

    इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया था कि पंजाब में गुलजार सिंह ने आप सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा से नशे पर सवाल पूछा तो उन्हें डराया-धमकाया गया.

    राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने गुलज़ार सिंह की मौत के मामले में पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस भेजे जाने की जानकारी दी है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा कि पंजाब के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस भेज कर और उनसे 15 दिनों में मामले से जुड़ी रिपोर्ट भेजने को कहा गया है.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  3. ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों पर फिर दाग़ीं मिसाइलें

    ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों की ओर मिसाइल हमले किए हैं

    इमेज स्रोत, Izz Aldien Alqasem/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों की ओर मिसाइल हमले किए हैं

    ईरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) की क़रीबी समाचार एजेंसियों ने जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी मिसाइल हमलों के एक और दौर की सूचना दी है.

    इसमें बताया गया है कि मिसाइलों से पूर्वी जॉर्डन में स्थित प्रिंस हसन सैन्य अड्डे को निशाना बनाया गया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, इसी बीच ईरानी सूत्रों ने जॉर्डन पर हुए मिसाइल हमलों के पहले दौर से संबंधित कई वीडियो फुटेज प्रकाशित किए हैं, जिनमें से कुछ में उन समय का ज़िक्र है जब "ईरानी मिसाइलें एयर डिफ़ेंस सिस्टम को भेदते हुए सीधे लक्ष्यों पर जा गिरीं."

    बुधवार सुबह रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने यह भी दावा किया कि उसने अमेरिकी युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं.

    ईरानी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया, "आईआरजीसी ने कहा है कि उसने एफ़-35, एफ़-16 और एफ़-15 लड़ाकू विमानों के रखरखाव वाले हैंगर, तैयारी से जुड़े ठिकानों, विमानों के लिए बनाए गए शेल्टर और पार्किंग क्षेत्रों को निशाना बनाया."

    इससे पहले ईरान ने जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइलें दागीं. हालांकि, जॉर्डन ने बाद में कहा कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरान की दागी 20 मिसाइलों में से 18 को मार गिराया.

    ईरानी हमले की तस्वीर आईआरजीसी ने जारी की

    इमेज स्रोत, @IrnaEnglish

    इमेज कैप्शन, आईआरजीसी ने हमलों के वीडियो फुटेज जारी किए

    जॉर्डन के सशस्त्र बलों के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि ईरान की ओर से जॉर्डन की तरफ़ दागी गई दो मिसाइलें आबादी वाले इलाक़े से दूर गिरीं.

    ईरान का कहना है उसने अमेरिकी सेना की ओर से ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद ये हमले किए हैं.

    आईआरजीसी की नौसेना कमान ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के पास मौजूद उन सभी तेल टैंकरों के क्रू को भी चेतावनी दी है, जिनका संबंध अमेरिका से है.

  4. महाराष्ट्र: अमृता फडणवीस ने गरबा में मुसलमानों के प्रवेश को लेकर ये कहा

    अमृता फडणवीस

    इमेज स्रोत, Prodip Guha/Getty Images

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे के गरबा में मुस्लिमों को प्रवेश न दिए जाने की मांग पर बयान दिया है.

    अमृता फडणवीस ने कहा "उन्होंने (नितेश राणे) यह बात बहुत कुछ सोच के कही है. मैं इसकी गहराई में नहीं जाना चाहती. लेकिन मैं इतना कहना चाहती हूं कि गरबा एक राष्ट्रीय उत्सव है. इसे अंतरराष्ट्रीय तरीके से मनाया भी जाता है."

    "इसलिए अगर किसी भी समुदाय या धर्म का कोई व्यक्ति बिना कोई हंगामा किए शांति से आकर इसे देखना चाहता है, तो मुझे लगता है कि यह ठीक है. लेकिन इसके पीछे और क्या कारण हैं, मैंने इसका अध्ययन नहीं किया है."

    इससे पहले नितेश राणे ने नवरात्रि उत्सव के दौरान राज्य में गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुस्लिमों के प्रवेश पर रोक लगाने, प्रवेश के लिए पहचान सत्यापन और तिलक लगाने को ज़रूरी किए जाने की विश्व हिंदू परिषद की मांग का समर्थन किया था.

    उन्होंने कहा, "विश्व हिंदू परिषद ने जो भी मांगें रखी हैं और जो भी अपेक्षाएं व्यक्त की हैं, वे ग़लत नहीं हैं. जो लोग मूर्ति पूजा नहीं करते हैं, हमारे धर्म को नहीं मानते हैं, तो क्या आपको हमारे नवरात्रि या गरबा समारोह में आने का अधिकार है?”

    उन्होंने आगे कहा, "आधार कार्ड तक रुकने के बजाय, उनसे हनुमान चालीसा का पाठ करवाया जाना चाहिए और उसके बाद ही उन्हें आने की अनुमति दी जानी चाहिए."

  5. दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने कथित तौर पर की आत्महत्या

    नोएडा सेक्टर 82 में राकेश मेहता की सोसायटी की तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राकेश मेहता शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली के मुख्य सचिव के पद पर थे (सांकेतिक तस्वीर)

    दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता ने नोएडा स्थित अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

    राकेश मेहता ने शीला दीक्षित के मुख्यमंत्री रहते हुए चीफ़ सेक्रेटरी (साल 2007 से 2010) के तौर पर सेवाएं दी थीं. वे 1975 बैच के आईएएस अधिकारी थे.

    पीटीआई के मुताबिक़, नोएडा पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट मिला है, मेहता ने अपनी "मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं" को इस कदम की वजह बताया है.

    अधिकारियों ने बताया कि 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर 82 स्थित उनके आवास में उनका शव पाया गया.

    (आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)

  6. अमेरिका ने 5 ईरानी तेल टैंकरों को बनाया निशाना, ईरान का जॉर्डन पर जवाबी हमला, क्लेयर कीनन

    ईरान वॉर

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष फिर से तेज़ हो गया है

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा है कि पिछले दो दिनों में एक अमेरिकी युद्धपोत को दो बार निशाना बनाए जाने के जवाब में अमेरिकी सेना ने ईरान के पांच तेल टैंकरों पर हमला किया.

    सेंटकॉम के मुताबिक़, इनमें से चार ईरानी तेल टैंकरों का संबंध ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) से था और जो ओमान की खाड़ी में थे. एक अन्य टैंकर को खार्ग द्वीप के पास निशाना बनाया गया.

    खार्ग ईरान के तट से दूर स्थित एक प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है.

    इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन में एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइलें दागीं. हालांकि, जॉर्डन ने बाद में कहा कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरान की दागी 20 मिसाइलों में से 18 को मार गिराया.

    दोनों देशों के बीच पिछले एक हफ़्ते में एक-दूसरे पर हमले तेज़ हुए हैं. यह संघर्ष 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के छह महीने बाद भी बना हुआ है.

    दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव से एशियाई बाज़ारों में शुरुआती कारोबार के दौरान तेल की कीमतें बढ़ गईं.

    बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.5% बढ़कर 99.41 डॉलर प्रति बैरल हो गई. वहीं, अमेरिका में कारोबार किए जाने वाले तेल की कीमत 1.6% बढ़कर 94.55 डॉलर प्रति बैरल हो गई.

    इस बीच ईरान ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों पर मौजूद अमेरिकी जहाज़ों के ख़िलाफ़ और हमले करने की चेतावनी दी है.

    आईआरजीसी की नौसेना कमान ने कुवैत और बहरीन के बंदरगाहों के पास मौजूद उन सभी तेल टैंकरों के क्रू को चेतावनी दी, जिनका संबंध अमेरिका से है.

    उसने कहा कि वे "तुरंत अपने जहाज़ छोड़ दें, चाहे वे बंदरगाह पर खड़े हों या लंगर डाले हों, क्योंकि उन्हें निशाना बनाया जाएगा."

    जॉर्डन के सशस्त्र बलों के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि ईरान की ओर से जॉर्डन की तरफ़ दागी गई दो मिसाइलें आबादी वाले इलाक़े से दूर गिरीं.

  7. विजय माल्या ने ख़ुद को भगोड़ा बताए जाने पर किया ये दावा, बताया भारत क्यों नहीं आ सकते

    विजय माल्या

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पूर्व राज्यसभा सांसद और कारोबारी विजय माल्या ने ख़ुद को भगोड़ा कहे जाने पर बयान दिया है.

    विजय माल्या ने सोशल मीडिया एक्स पर दावा किया, “जो कहते हैं कि मैं भारत आने से इनकार करने वाला भगोड़ा हूं, वे कृपया यह जान लें कि मैं सन 1992 से ब्रिटेन का स्थायी निवासी हूं. मुझे फिलहाल कानूनी रूप से इस देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं है. यह सब भारत सरकार की ओर से की गई दिखावटी कार्रवाइयों से शुरू हुआ, जो मेरे मामले में बेहद अन्यायपूर्ण रही हैं.”

    उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, “उन सभी लोगों के लिए जो मेरी बात पर यकीन नहीं करते, कृपया ख़ुद इसकी पुष्टि करें और देखें कि ईडी ने मेरे अटैच्ड फंड में से 350 करोड़ रुपये से अधिक राशि किंगफिशर के कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए जारी की थी.”

    उन्होंने कहा, “मैं उन्हें पैसे नहीं दे सका क्योंकि ईडी ने मेरी संपत्तियों और फंड्स को अपने कब्जे में ले लिया था.

    उन्होंने लिखा, “किसी पत्रकार की स्क्रिप्ट की शुरुआत में ही मुझे धोखेबाज़ क्यों कहा जाता है? यह पूछना क्यों शुरू नहीं किया जाता कि मुझे मेरा पैसा कब वापस मिलेगा?”

  8. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.