लाइव, 'पिछड़ी सोच वाले पुरुषों को धर्म का ठेकेदार मत बनने दीजिए', एफ़िल टावर मामले में अभिजीत दीपके ने ऐसा क्यों कहा

एफ़िल टावर के कर्मचारियों और प्रबंधन के मुताबिक़, एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को उनकी काम की जगह से हटा दिया गया था.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • maimi accident
  • indonesia volcano
  • ग़ज़ा में इन बच्चों ने तीन साल बाद कार्टून देखा
  • ओलंपिक के इतिहास का वो काला दिन
  • महिला का रेस्क्यू
  • ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीम
  • दिल्ली में इमारत ढही

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. 'पिछड़ी सोच वाले पुरुषों को धर्म का ठेकेदार मत बनने दीजिए', एफ़िल टावर मामले में अभिजीत दीपके ने ऐसा क्यों कहा

    अभिजीत दीपके

    इमेज स्रोत, ANI

    फ़्रांस के प्रसिद्ध एफ़िल टावर में बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बाप्स) से जुड़े क़रीब 100 लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल के दौरे के बाद वहां तैनात महिला कर्मचारियों को हटाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है.

    इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपक ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर लिखा, '' पिछड़ी सोच वाले पुरुषों को धर्म का ठेकेदार मत बनने दीजिए. जो पुरुष धर्म और आस्था का इस्तेमाल महिलाओं पर पाबंदियां लगाने, नैतिकता थोपने और दूसरों की आजादी छीनने के लिए करते हैं, वे धर्म और देश दोनों के लिए सिर्फ शर्मिंदगी का कारण बनेंगे.''

    दरअसल फ़्रांस के प्रसिद्ध एफ़िल टावर को कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सोमवार को बंद कर दिया गया था.

    कर्मचारियों और प्रबंधन के मुताबिक़, एक हिंदू धार्मिक समूह के दौरे के दौरान महिला कर्मचारियों को उनकी काम की जगह से हटा दिया गया था.

    ये धार्मिक समूह बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था यानी बाप्स का था. इस समूह के 100 लोगों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को फ़्रांस की राजधानी पेरिस में इस मशहूर स्थल का दौरा किया था.

    कर्मचारी यूनियन की प्रतिनिधि डायने डावोइन ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के पहुँचने पर महिलाओं से वहाँ से हटने के लिए कहा गया.

    उन्होंने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, "इस प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान महिलाओं से कहा गया कि वे अपनी काम की जगह छोड़ दें, ताकि वहाँ पुरुषों को तैनात किया जा सके."

    डावोइन ने यह भी कहा कि इस घटना को लेकर मैनेजमेंट ने बाद में कर्मचारियों से माफ़ी मांगी.

    डावोइन ने कहा, "इससे कर्मचारियों, खासकर महिलाओं को बहुत बुरा लगा. जो हुआ और जिस तरह कुछ महिलाओं के साथ व्यवहार किया गया, उससे वे सभी अपमानित महसूस कर रही हैं."

  2. सऊदी की अगुआई वाले गठबंधन का दावा, सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले में 73 लोग घायल

    सऊदी अरब पर हूतियों का हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया है कि ईरान समर्थित हूती लड़ाकों की ओर से सऊदी अरब पर किए गए हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हुए हैं.

    बीबीसी की फ़ारसी सेवा के मुताबिक गठबंधन ने कहा है कि वो इन हमलों का निर्णायक जवाब देगा.

    यमन के सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र और देश के उत्तरी भाग के ज्यादातर हिस्सों पर नियंत्रण रखने वाले हूती विद्रोहियों ने जुलाई में सऊदी अरब के ख़िलाफ़ नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा की थी.

    इसके बाद उसने सऊदी अरब पर अपने हमले शुरू कर दिए थे. उसने रेड सी में सऊदी के जहाज़ों को भी निशाना बनाया था.

    यमन में सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के एक प्रवक्ता ने हाल ही में तेज़ हुई लड़ाई के बारे में बताया कि ये 'ख़तरनाक' है.

    उनका कहना है कि हूतियों ने सऊदी अरब में नागरिक और आर्थिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया है.

    इन नए हमलों में सऊदी तेल कंपनी अरामको के जिजान स्थित संयंत्रों को निशाना बनाया गया है. हालांकि अरामको ने इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

  3. 'मुझे मरना पसंद, लेकिन डरपोक जज कहलाना पसंद नहीं ' मुज़फ़्फ़रनगर के जज ने अपने फ़ैसले में ऐसा क्यों कहा, अमित सैनी, मुज़फ़्फ़रनगर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    मुज़फ़्फ़रनगर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

    ''मैं मरना पसंद करूंगा, लेकिन डरपोक जज कहलाना पसंद नहीं करूंगा.''

    यह टिप्पणी मुज़फ़्फ़रनगर के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर ने उस फैसले में की है, जिसमें उन्होंने आठ साल पुराने एक जघन्य हत्या मामले में दोषी को मृत्युदंड सुनाया है.

    जज रवि कुमार दिवाकर ने शाहपुर शहजादी हत्याकांड में उनके पति को फांसी की सजा सुनाते हुए अपने फ़ैसले में ये बात लिखी है.

    जज रवि कुमार दिवाकर ने अपने फ़ैसले में बेहद गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के माफ़िया और गैंगस्टर उनसे संपर्क करने की कोशिश कर चुके हैं.

    उनके मुताबिक़, उन्हें संदेश भिजवाया गया कि यदि वह उनके मामलों के पीछे पड़े या उनके ख़िलाफ़ टिप्पणी करते रहे तो अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनका कोर्ट बदलवा दिया जाएगा या जिले से बाहर ट्रांसफ़र करा दिया जाएगा.

    जज दिवाकर ने इस तरह के कथित दबाव की बात करते हुए साफ़ लिखा कि वह डरकर न्यायिक कर्तव्यों से पीछे हटने वाले नहीं हैं

    उन्होंने कहा कि यदि कोई जज बाहुबलियों, माफिया या अपराधियों के दबाव और भय में काम करने लगे तो आम जनता का न्यायपालिका पर विश्वास कमजोर हो जाएगा.

    जज रवि कुमार दिवाकर पिछले कुछ समय से अपने फ़ैसलों को लेकर लगातार चर्चा में रहे हैं.

  4. 'वो आईपीएस बनना चाहता था', बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले अक्षत की टीचर ने और क्या बताया

    अक्षत यादव की टीचर सीमा दुबे ने बताया कि वो काफ़ी होनहार छात्र थे

    इमेज स्रोत, X/PTI

    इमेज कैप्शन, अक्षत यादव की टीचर सीमा दुबे ने बताया कि वो काफ़ी होनहार छात्र थे

    दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में मारे गए अक्षत यादव का शव मध्य प्रदेश के कटनी स्थित उनके पैतृक निवास ले जाया गया है.

    अक्षत की टीचर सीमा दुबे ने कहा कि अक्षत पढ़ाई में काफी अच्छे थे और कुछ बड़ा करना चाहते थे.

    उन्होंने कहा, "अक्षत बहुत होनहार बच्चा था, मैं यह कह सकती हूं. वह बहुत अच्छा फुटबॉलर और बहुत अच्छा वक्ता था. वह आईपीएस अधिकारी बनना चाहता था.''

    उन्होंने बताया, ‘’हम घर पर टीवी देख रहे थे और इस हादसे की ख़बर देख रहे थे. लेकिन हमें पता नहीं था कि हादसे में मारा गया बच्चा हमारे ही परिवार का है.’’

    ''रात करीब 9 बजे हमें पता चला कि वह बच्चा वहां था. लेकिन सुबह करीब 9:30 बजे यह पुष्टि हो गई कि वह वही बच्चा था और हमने उसे खो दिया."

    6 सितंबर को सत्य निकेतन में छह सितंबर को पांच मंजिला इमारत गिर गई थी. इसमें पीजी चलाया जा रहा था. इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है.इनमें से ज्यादातर स्टूडेंट थे. अक्षत इसी बिल्डिंग में रहते थे.वो दिल्ली यूनिवर्सिटी में सेकेंड ईयर के छात्र थे.

  5. धीरेंद्र शास्त्री के बारे में अब क्या बोले पश्चिम बंगाल बीजेपी चीफ़

    धीरेंद्र शास्त्री

    इमेज स्रोत, SAMIK BHATTACHARYA/X

    इमेज कैप्शन, धीरेंद्र शास्त्री की ओर से दुर्गापूजा में नॉन वेज न खाने की अपील पर पश्चिम बंगाल के बीजेपी चीफ़ ने प्रतिक्रिया दी है

    बागेश्वर बाबा के नाम से लोकप्रिय धीरेंद्र कृष्ण गर्ग उर्फ़ धीरेंद्र शास्त्री की ओर से दुर्गा पूजा के मौके पर नॉनवेज ना खाने की अपील के बाद पश्चिम बंगाल के बीजेपी चीफ़ सामिक भट्टाचार्य ने कहा है कि वो ‘संत आदमी के बारे’ में कुछ नहीं बोल सकते .

    उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''संत आदमी के बारे में ज्यादा कुछ हम बोल नहीं सकते. उनकी कथा पूरे देश में मशहूर है. लाखों की तादाद में लोग हावड़ा ब्रिज उन्हें सुनने गए थे.कोई भी व्यक्ति शाकाहार का समर्थन कर सकता है.''

    'इससे वह अपराधी या पापी नहीं हो जाता. हालांकि,अगर कोई किसी को 'पाखंडी' जैसे शब्द से संबोधित करता है, तो हम इसका समर्थन नहीं करते.''

    उन्होंने आगे कहा, "मैं एक राजनीतिक कार्यकर्ता हूं. यहां कोई साधु क्या कहता है या वहां कोई मौलवी क्या कहता है, इसका हमसे क्या लेना-देना है? मुझे पता है कि हमारी पार्टी के कार्यकर्ता खुश हैं. यह हमारे पश्चिम बंगाल के रीति-रिवाजों का हिस्सा है. दुर्गा पूजा आने वाली है. हम बंगाली अष्टमी के दिन लूची खाते हैं और नवमी के दिन कोची पाठा (बकरे का मांस) भी खाते हैं. हम जो खाते हैं, खाते हैं..."

    धीरेंद्र शास्त्री की इस अपील को लेकर पश्चिम बंगाल में विवाद हो गया है. विपक्षी पार्टियां आरोप लगा रही हैं कि प्रदेश की बीजेपी सरकार बंगाल की संस्कृति को अपमानित कर रही है.

  6. पाकिस्तान में फिर बढ़े तेल के दाम, अब एक लीटर पेट्रोल की क़ीमत इतनी हुई

    पाकिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में पेट्रोल की क़ीमतें फिर बढ़ गई हैं

    पाकिस्तान सरकार की नई अधिसूचना के मुताबिक़ पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 12.90 रुपये और डीजल की क़ीमत 3.72 रुपये बढ़ाई गई है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ क़ीमतों में नई बढ़ोतरी के साथ ही देश में पेट्रोल का दाम बढ़कर 358.77 रुपये प्रति लीटर हो गया. वहीं डीजल की कीमत 381.77 रुपये प्रति लीटर हो गई.

    नई कीमतें तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं.

    ईरान युद्ध की वजह से पाकिस्तान में तेल सप्लाई में दिक्कतें आई हैं.

    पाकिस्तान का अधिकतर तेल होर्मुज़ स्ट्रेट के ज़रिये आता है. लेकिन इस रास्ते पर आवागमन बंद होने से देश में पेट्रोल और डीजल की किल्लत बढ़ गई है.

    मार्च महीने से पाकिस्तान लगातार तेल के दाम संशोधित कर रहा है.

  7. इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने से 3000 उड़ानें प्रभावित, साढ़े तीन लाख लोग फंसे, केली एनजी

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने के बाद क़रीब 3000 उड़ानें प्रभावित हुई हैं

    इंडोनेशिया में ज्वालामुखी फटने के बाद 3,000 के क़रीब उड़ानें प्रभावित हुई हैं.

    हवाईअड्डों का संचालन दूसरे दिन भी बंद रहने से 3 लाख 40 हजार से अधिक यात्री फंस गए हैं.

    राजधानी जकार्ता से क़रीब 150 किलोमीटर दूर स्थित अनाक क्राकाटाऊ ज्वालामुखी में शुक्रवार देर रात विस्फोट शुरू हुआ.

    इससे लावा के फव्वारे निकलने लगे और ज्वालामुखी से निकली राख राजधानी जकार्ता और लाम्पुंग प्रांत तक पहुंच गई.

    जकार्ता के सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे फिर से खोलने की योजना थी, लेकिन हवाई क्षेत्र के आसपास ज्वालामुखी की राख मौजूद रहने के कारण इसे टाल दिया गया.

    हवाईअड्डे ने एक बयान में कहा है कि उड़ानें अब सोमवार रात लगभग 12 बजे से फिर शुरू होंगी.

    नागरिक और सैन्य उड़ानों के लिए इस्तेमाल होने वाला छोटा हलीम पेरदानाकुसुमा हवाईअड्डा भी तब तक बंद रहेगा.

    सोमवार को जकार्ता के सोएकार्नो-हट्टा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के डिपार्चर हॉल में यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं.

    फंसे हुए यात्री टिकट के पैसे वापस लेने और उड़ानें कब शुरू होंगी, इसकी जानकारी लेने के लिए कतार में खड़े रहे.

    फिन्ना नाम के एक यात्री को रविवार सुबह पूर्वी जावा के शहर मलांग से जकार्ता अपने घर लौटना था.

    उन्होंने बताया कि हवाईअड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल था और उड़ानों का समय बार-बार बदला जा रहा था

  8. सत्य निकेतन हादसा: बिल्डिंग के मालिक को पत्नी और बेटे समेत गिरफ़्तार किया गया, 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

    दिल्ली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग हादसे में मारे गए लोगों के लिए न्याय की मांग करते प्रदर्शनकारी

    दिल्ली के सत्य निकेतन में गिरी पांच मंजिला इमारत के मालिक हरिराम गुप्ता और उनकी पत्नी और बेटे को गिरफ़्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उन्हें सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ़्तार किया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ हरिराम और उनकी पत्नी उर्मिला को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस कस्टडी दी गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के हवाले से बताया है कि बिल्डिंग की बिजली का कनेक्शन हरिराम गुप्ता के नाम पर था. वहीं बेटे की जिम्मेदारी बिल्डिंग मैनेजमेंट की थी. प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री हरिराम गुप्ता की पत्नी उर्मिला गुप्ता के नाम थी.

    सत्य निकेतन में छह सितंबर को पांच मंजिला इमारत गिर गई थी. इसमें पीजी चलाया जा रहा था. इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है.इनमें से ज्यादातर स्टूडेंट हैं.

  9. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अब कनाडा को किस बात की धमकी दी?, नदिन युसिफ़, सीनियर कनाडा संवाददाता

    बॉम्बार्डियर विमान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडाई विमान कंपनी बॉम्बार्डियर को चेतावनी दी है कि अगर वह अमेरिका में अपने विमान बेचना चाहती है, तो उसे इन्हें अमेरिका में बनाना पड़ेगा.

    ट्रंप ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अमेरिका में अब बॉम्बार्डियर की कोई और बिक्री नहीं होगी!" उन्होंने कहा, "अगर उन्हें हमारा बाज़ार चाहिए, तो उन्हें यहीं उत्पादन करना होगा और अमेरिका को 'पैसों की तिजोरी' समझना बंद करना होगा."

    यह कदम दोनों पड़ोसी देशों के बीच बढ़ते व्यापार युद्ध के बीच उठाया गया है. ट्रंप की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब कनाडा की ओर से अमेरिका के करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर रेसिप्रोकल टैरिफ़ लगाए जाने वाले हैं.

    बीबीसी ने इस मामले पर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के कार्यालय और बॉम्बार्डियर से प्रतिक्रिया मांगी है.

    हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि ट्रंप अमेरिका में बॉम्बार्डियर के क़ारोबार पर रोक लगाने की योजना को किस तरह लागू करेंगे.

    मॉन्ट्रियल स्थित बॉम्बार्डियर की अमेरिका के कंसास राज्य में पहले से एक फ़ैक्ट्री है, जहां स्पेशल मिशन के लिए सैन्य विमान बनाए जाते हैं. कंपनी में अमेरिका के करीब 3,500 कर्मचारी काम करते हैं.

    बॉम्बार्डियर के विमानों के पूरे बेड़े में से करीब आधे, यानी 5,100 विमान, अमेरिका में स्थित उसके ग्राहक कंपनियां ऑपरेट करती हैं.

    कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक़, बॉम्बार्डियर के जेट कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको में स्थित संयंत्रों में बनाए जाते हैं.

  10. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    युद्ध और नौसैनिक नाकाबंदी ने ईरान की इकॉनमी को किस तरह नुक़सान किया है?

    सिंगापुर में नेपाल बाढ़ और एयर इंडिया को लेकर क्यों भारतीय बने नस्लभेद का निशाना

    'डॉग फ़्रूट' से लेकर 'डार्लिंग' तक का सफ़र: भारत में एवोकाडो कैसे मशहूर हो रहा है

    नेपाल का 'काला गांव' जहां नहीं आई बाढ़ फिर किस लिए परेशान हैं यहां के लोग

    सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: दिल्ली की पांच मंज़िला इमारतों को लेकर सीएम की अहम घोषणा