कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन के वॉलंटियर जुनैद के बारे में दिया ये अपडेट

इमेज स्रोत, Dilnawaz Pasha
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद को लेकर कहा है कि उन्हें सभी जरूरी कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.
सीजेपी ने अपील की है कि उनके बारे में फ़ैलाई जा रही कथित गलत सूचनाओं और नफ़रत भरे प्रचार को रोका जाए.
सीजेपी की प्रवक्ता रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मोहम्मद जुनैद को लेकर चल रही सभी खबरें और अफ़वाहें गलत हैं. वह सुरक्षित हैं, उन्हें सभी जरूरी कानूनी मदद मिल रही है और वह कुछ समय के लिए हमारे वॉलंटियर्स की बैठक में भी मौजूद थे."
उन्होंने आगे कहा, "हम सभी से अपील करते हैं कि गलत जानकारी और नफ़रत फैलाना बंद करें. उनके घर पर जो भी कार्रवाई हुई थी, उसे पहली ही बार में तुरंत संभाल लिया गया था."
सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने हमेशा मोहम्मद जुनैद के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया है और आगे भी उनके साथ खड़ी रहेगी.
उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद ज़िले के मोहम्मद जुनैद जंतर-मंतर आंदोलन में वॉलंटियर के तौर पर जुड़े थे. उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए मुफ़्त भोजन, चाय और पीने के पानी के स्टॉल (लंगर) की व्यवस्था की थी.
आंदोलन के अंतिम दिनों में मोहम्मद जुनैद ने आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनके घर पर छापा मारा. जुनैद का दावा था कि पुलिस ने उनके पिता और एक भाई को हिरासत में लिया और परिवार के पहचान पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक जैसे जरूरी दस्तावेज़ अपने कब्ज़े में ले लिए.
हालांकि, इस मामले में मेरठ पुलिस ने जुनैद के परिवार के किसी सदस्य को हिरासत में लेने या प्रताड़ित किए जाने के आरोपों से इनकार किया था.




















