अलवर की नीट स्टूडेंट ने दिल्ली में की आत्महत्या, अशोक गहलोत बोले, 'कितनी जानें लेगा मोदी सरकार का यह फेल सिस्टम?', मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

इमेज स्रोत, Getty Images
नीट पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी. अब यह परीक्षा 21 जून को होगी. लेकिन इससे पहले, पिछले दो दिनों में राजस्थान के दो नीट अभ्यर्थियों ने आत्महत्या कर ली है.
बीते दिन सीकर में एक नीट छात्र ने आत्महत्या की थी और अब अलवर की रहने वाली रेणु मीणा ने दिल्ली में आत्महत्या कर ली है. पेपर लीक होने के बाद से अब तक देश में नौ छात्रों की आत्महत्या की खबरें सामने आ चुकी हैं.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. यदि आप तनाव या मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं, तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800-233-3330 पर संपर्क कर सहायता ले सकते हैं. आप अपने दोस्तों, परिजनों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से भी बात कर सकते हैं.)
छात्रा की आत्महत्या के मामले में अशोक गहलोत ने बयान जारी कर कहा, "नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र सरकार की विफलता ने एक और बच्ची की जान ले ली है. दिल्ली में तैयारी कर रही भनोखर गांव, अलवर की रेणु मीणा की आत्महत्या बेहद दुखद है."
अशोक गहलोत ने आगे कहा, "मीडिया में आई जानकारी के अनुसार, नीट परीक्षा रद्द होने से वह निराश थी. मोदी सरकार का यह विफल सिस्टम और कितनी जानें लेगा? कल ही उमेश माली की आत्महत्या की खबर आई थी, जबकि इससे पहले प्रदीप मेघवाल ने भी जान दे दी थी."
उन्होंने आगे कहा, "जो बच्चे कल डॉक्टर बनकर मरीजों की जान बचाते, वे आज खुद आत्महत्या कर रहे हैं. इससे अधिक निराशाजनक स्थिति और क्या हो सकती है? लेकिन मोदी सरकार को इसकी परवाह नहीं है."


























