सऊदी अरब में हूती हमलों पर भारत ने दी प्रतिक्रिया

इमेज स्रोत, Getty Images
सऊदी अरब में हूती हमलों पर मीडिया के सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा कि भारत सऊदी अरब के संप्रभु क्षेत्र पर हुए हमलों की निंदा करता है. ख़ासकर नागरिक और आर्थिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने की.
बयान में कहा गया है, "क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने वाले और बाब-अल-मंदेब में शिपिंग की आज़ादी के लिए ख़तरा पैदा करने वाले ऐसे हमले मंज़ूर नहीं हैं."
यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया है कि ईरान समर्थित हूती लड़ाकों की ओर से सऊदी अरब पर किए गए हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हुए हैं.
यमन के सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र और देश के उत्तरी भाग के ज्यादातर हिस्सों पर नियंत्रण रखने वाले हूती विद्रोहियों ने जुलाई में सऊदी अरब के ख़िलाफ़ नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा की थी.
इसके बाद उसने सऊदी अरब पर अपने हमले शुरू कर दिए थे. उसने रेड सी में सऊदी के जहाज़ों को भी निशाना बनाया था.















