सऊदी अरब की राजधानी रियाद में सुनाई दी धमाकों की आवाज़

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
सऊदी अरब की राजधानी रियाद में रविवार की सुबह तीन धमाकों की आवाज़ सुनी गई.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, धमाकों से पहले शहर के लोगों को हवाई ख़तरे को लेकर अलर्ट मैसेज भेजे गए थे. इन संदेशों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई थी.
इस बीच, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने दावा किया कि उसके एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने हूती विद्रोहियों की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया.
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि रियाद में सुने गए धमाकों का संबंध मिसाइल को गिराए जाने से था या नहीं. घटना में किसी तरह के नुकसान या हताहतों की भी फ़िलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब यमन के हूती विद्रोहियों ने हाल के दिनों में सऊदी अरब के हवाई अड्डों और तेल ठिकानों पर हमले तेज़ कर दिए हैं. हूती विद्रोहियों ने इन हमलों को जारी रखने की चेतावनी भी दी है.














