ईरानी सांसद की चेतावनी, 'अगर अमेरिका ने फिर हमला किया तो मध्य-पूर्व के बुनियादी ढांचे को तबाह कर देंगे'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी सांसद ने मध्य पूर्व में अमेरिका की गतिविधियों पर सवाल खड़े किए हैं (सांकेतिक तस्वीर)
ईरानी सांसद महमूद नबावियन ने मध्य-पूर्व के देशों को धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने ईरान पर फिर हमला किया, तो उनका देश विनाशकारी जवाब देगा.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "क्षेत्र में हो रही गतिविधियां दुष्ट अमेरिकी शासन की नई मूर्खता की ओर इशारा करती हैं."
उन्होंने आगे कहा, "क्षेत्रीय देशों के नेताओं को यह जान लेना चाहिए कि इस बार ईरान करारा जवाब देगा. क्षेत्रीय तेल उत्पादन को पूरी तरह से रोक देगा, सभी बुनियादी ढांचे को तबाह कर देगा और इन देशों के लोगों को विस्थापित शरणार्थी बनने पर मजबूर कर देगा."
नबावियन एक कट्टरपंथी सांसद हैं, जो इस्लामाबाद में हुई बातचीत के पहले दौर में ईरान के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संघर्षविराम को अनिश्चित काल के लिए बढ़ा दिया है. हालांकि, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका ईरान के बुनियादी ढांचे पर हमला करने के लिए "पूरी तरह से तैयार और हथियारों से लैस" है.
युद्ध शुरू होने के बाद से, ईरान ने उन जगहों पर हमले किए हैं, जिन्हें विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने खाड़ी देशों में "अमेरिका की मौजूदगी" से जुड़ी जगहें बताया था.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने लोगों से बिजली की खपत को कंट्रोल करने की अपील की है, उनका आरोप है कि दुश्मन ईरान में असंतोष पैदा करना चाहते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
इस बीच ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकेबंदी की वजह से ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने लोगों से बिजली की खपत कम करने की अपील की है.
उन्होंने कहा कि दुश्मन देश के बुनियादी ढांचे को तबाह कर रहे हैं और घेराबंदी कर रहे हैं, ताकि लोगों में असंतोष फैले.
उन्होंने आगे कहा, "घर में दस लाइटों के बजाय, दो लाइटें जलनी चाहिए. इसमें क्या गलत है?"
ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप ने विटकॉफ़ और कुशनर का इस्लामाबाद दौरा रद्द किया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमारे पास पूरी बढ़त है
फ़ॉक्स न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ और जारेड कुशनर अब बातचीत के लिए पाकिस्तान नहीं जाएंगे.
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने कहा, “हमारे पास पूरी बढ़त है. वे जब चाहें हमें कॉल कर सकते हैं, लेकिन अब 18 घंटे की उड़ान भरकर सिर्फ बैठकर बेकार की बातों के लिए नहीं जाएंगे.”
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची भी इस्लामाबाद से वापस लौट चुके हैं. उन्होंने इस्लामाबाद दौरे के दौरान पाकिस्तानी आर्मी चीफ आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाकात की.
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक, पाकिस्तानी अधिकारियों को उम्मीद है कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची रविवार या सोमवार को फिर से इस्लामाबाद लौट सकते हैं.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अराग़ची इस समय ओमान की राजधानी मस्कट जा रहे हैं.
माली की राजधानी में धमाकों की ख़बरें, सेना ने कहा- हमलावरों को खदेड़ने में जुटे सुरक्षा बल
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, उत्तरी माली का शहर किदाल में हथियारबंद समूह के सदस्य
पश्चिमी अफ़्रीका के देश माली की राजधानी बमाको में धमाकों और लगातार गोलीबारी की ख़बरें सामने आई हैं. हथियारबंद समूहों ने देशभर में हमले शुरू किए हैं.
सेना ने शनिवार को एक बयान में कहा, "लड़ाई जारी है और सुरक्षा बल इस समय हमलावरों को खदेड़ने में जुटे हुए हैं."
प्रत्यक्षदर्शियों ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया है कि राजधानी के बाहर स्थित एक बड़े सैन्य अड्डे वाले क्षेत्र काटी के आसपास धमाकों और गोलीबारी की आवाज़ें सुनी गईं. इलाक़े में सड़कों को बंद करने के लिए सैनिकों को तैनात किया गया है.
उत्तरी माली के गाओ, किदाल और मध्य माली के सेवारे में भी हमलों की ख़बरें हैं. एक विश्लेषक ने इसे पिछले कई सालों में सबसे बड़ा जिहादी हमला बताया है.
माली कई सालों से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े जिहादी संगठनों के विद्रोह, साथ उत्तर में एक अलगाववादी आंदोलन से जूझ रहा है.
दिल्ली कैपिटल्स के चोटिल गेंदबाज़ को अस्पताल ले जाने के लिए 'ग्रीन कॉरिडोर' बनाया गया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मैच के दौरान चोटिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज को अस्पताल ले जाया गया
दिल्ली में शनिवार को खेले गए आईपीएल मैच में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाज़ लुंगी एनगिडी फ़ील्डिंग करते वक्त चोटिल हो गए.
इसके बाद मैदान पर एंबुलेंस बुलाई गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया.
दिल्ली ट्रैफ़िक पुलिस ने उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए एक ग्रीन कॉरिडोर बनाया.
दिल्ली पुलिस के सेंट्रल रेंज के डीसीपी (ट्रैफिक) निशांत गुप्ता ने बताया, "दिल्ली और पंजाब के बीच आईपीएल मैच के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, दिल्ली कैपिटल्स के लुंगी एनगिडी को मैदान पर सिर में गंभीर चोट लग गई."
"मैच आयोजकों से संपर्क करने पर पता चला कि घायल खिलाड़ी को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाने की ज़रूरत है और उन्हें बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, राजेंद्र नगर ले जाया गया."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस ने बताया कि खिलाड़ी एनगिडी को 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाया गया
उन्होंने आगे बताया, "तेज़ी से कार्रवाई करते हुए, एसीपी ट्रैफ़िक, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट, संजय सिंह ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया और एंबुलेंस की बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया. एंबुलेंस ने ट्रैफ़िक के बीच सिर्फ 11 मिनट में अस्पताल पहुंचाया गया."
इस मैच में पंजाब सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया.
दिल्ली ने पंजाब को 265 रन का टारगेट दिया था और पंजाब ने इसे 18.5 ओवर में ही इसे पूरा कर लिया. ये आईपीएल इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा रन चेज़ है.
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने पर कपिल सिब्बल ने कहा, 'इन्हें कानून की समझ नहीं'
राघव चड्ढा समेत आप के कुछ राज्य सभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के फ़ैसले पर वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने प्रतिक्रिया दी है.
कपिल सिब्बल ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा, ''कल ख़बर सुनी कि राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 सदस्यों ने यह तय कर लिया है कि वे बीजेपी के साथ विलय करेंगे. मुझे नहीं लगता कि इन 7 लोगों और बीजेपी को संविधान की ज़्यादा समझ है, क्योंकि इन्हें ख़ुद ही शायद पता नहीं होगा कि विलय का मतलब क्या होता है.''
उन्होंने कहा, ''इनको इतना पता है कि किस तरह से किसी को ख़रीदना है और किस तरह से किसी को लालच देना है. लेकिन संविधान के मुताबिक़ यह सही है या ग़लत और संवैधानिक है या नहीं, मैं समझता हूं कि न इन्हें मालूम है, न बीजेपी को मालूम है.''
कपिल सिब्बल ने आगे कहा, ''संविधान में लिखा है कि सबसे पहले जो राजनीतिक दल है, उसे यह फैसला लेना होगा कि वह किसी पार्टी के साथ विलय करना चाहता है. जैसे आम आदमी पार्टी संगठन के स्तर पर बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करके यह तय करे कि वह विलय करना चाहती है, या फिर दोनों राजनीतिक पार्टियां संगठन स्तर पर प्रस्ताव पास कर फैसला करें कि वे आपस में विलय करना चाहती हैं और विलय करके तीसरी पार्टी बनाना चाहती हैं. यह राजनीतिक पार्टी के विलय का पहला क़दम होगा.''
सिब्बल ने कहा, ''फिर बात आएगी कि संसद में जो लोग बैठे हुए हैं, यानी सांसदों का विलय कैसे होगा. अगर राजनीतिक पार्टी का विलय हो जाता है और पार्टी के पास 10 सांसद हैं, और ये लोग पार्टी के साथ विलय करने के लिए दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पास करते हैं, तो इनका विलय हो सकता है. इसका उल्टा नहीं हो सकता, पार्टी के विलय से पहले ये सांसद किसी दूसरी पार्टी के साथ विलय नहीं कर सकते.''
शुक्रवार को संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राघव चड्ढा ने कहा था, "हमने तय किया है कि हम, राज्य सभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य संविधान के प्रावधानों के अनुसार बीजेपी में शामिल हो रहे हैं."
ईरानी सेना ने दी चेतावनी- अमेरिकी नाकाबंदी जारी रही, तो होगी कार्रवाई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने 13 अप्रैल को ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू करने के बाद कई जहाज़ों को रोका है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरानी सेना ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट की नाकेबंदी जारी रखता है तो वह जवाबी कार्रवाई करेगी.
यह बयान सेना के कमांड सेंटर की ओर से जारी किया गया है. इसे कई ईरानी सरकारी मीडिया संस्थानों ने शेयर किया है. इनमें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़ी तस्नीम न्यूज़ एजेंसी भी शामिल है.
बयान में कहा गया है कि अगर अमेरिकी सेना 'क्षेत्र में नाकेबंदी, समुद्री लूटपाट और डकैती' जारी रखती है, तो उसे ईरानी सेना की ओर से जवाब का सामना करना पड़ेगा.
अमेरिका ने 13 अप्रैल को ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर नाकेबंदी लागू करने के बाद कई जहाज़ों को रोका है. यह मुद्दा दोनों देशों के बीच तनाव का विषय बना हुआ है.
शहबाज़ शरीफ़ से मिले ईरानी विदेश मंत्री अराग़ची, सीज़फ़ायर पर रुख़ साफ़ किया
इमेज स्रोत, Iranian Foreign Ministry
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से गले मिलते ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात के बाद एक बयान जारी किया है.
बयान में कहा गया है कि उन्होंने ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम से जुड़े “ताज़ा घटनाक्रम” पर चर्चा की है.
इसमें यह भी कहा गया है कि अराग़ची ने युद्ध को ख़त्म करने को लेकर ईरान के “रुख़ और पक्ष” साझा किए.
बयान के मुताबिक, “आसिम मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान अपने मध्यस्थता प्रयास जारी रखने के लिए तैयार है.”
अराग़ची ने एक और अपडेट जारी किया, जिसमें बताया कि उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से भी मुलाक़ात की है.
विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने पाकिस्तान के पीएम को, 'युद्धविराम से जुड़े ताज़ा घटनाक्रम' और युद्ध के 'पूरी तरह समाप्त होने' पर अपने देश का 'सैद्धांतिक रुख़' समझाया.
बयान में यह भी कहा गया है कि शरीफ़ ने विश्वास जताया है कि बातचीत की प्रक्रिया जारी रहेगी.
इस्लामाबाद में अब भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है. कई रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान रवाना हो रहा है.
हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच सीधी वार्ता होगी या नहीं.
इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की सरगर्मी बढ़ी, जियार गुल, बीबीसी फ़ारसी संवाददाता, इस्लामाबाद से
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अब भी सुरक्षा बल तैनात हैं, ऐसा लगता है कि पाकिस्तान को अब भी उम्मीद है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत होगी.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची एक व्यापक प्रस्ताव लेकर आए हैं, जिसे पाकिस्तान के ज़रिए आगे बढ़ाया जा सकता है. ऐसी ख़बरें हैं कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर इसे अमेरिका तक पहुंचा सकते हैं.
अब तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि अमेरिकी प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ़ और जारेड कुशनर वॉशिंगटन से रवाना हुए हैं या नहीं.
मुझे ईरानी अधिकारियों से लगातार यह सुनने को मिल रहा है कि अमेरिका से मुलाक़ात अराग़ची के मिशन का हिस्सा नहीं है, लेकिन हक़ीक़त यह है कि ईरान यहां एक नया प्रस्ताव रखने के लिए ही आया है.
इस प्रस्ताव का विवरण अभी सामने नहीं आए है. तेहरान से जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक़ कई कट्टरपंथी धर्मगुरु कह रहे हैं कि परमाणु मुद्दा बातचीत के एजेंडे में शामिल नहीं है.
ये मुद्दा पिछली बातचीत के दौरान भी एक बड़ा अड़ंगा था.
आईपीएल 2026: पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ केएल राहुल का शानदार शतक
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज केएल राहुल
आईपीएल के 35वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज़ केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ शानदार शतक जड़ा है.
शतक बनाने के बाद भी फ़िलहाल उनटी बैटिंग जारी है.केएल राहुल 56 गेंदों पर 128 रन बनाकर खेल रहे हैं.
यह मैच दिल्ली में खेला जा रहा है.
केएल राहुल ने 47 गेंदों में शतक पूरा किया है. आईपीएल 2026 में यह उनका पहला शतक है. ख़बर लिखे जाने तक दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 16.2 ओवर में 1 विकेट के नुक़सान पर 217 रन है.
वहीं नीतिश राणा ने भी शानदार बल्लेबाज़ी की है. वो 36 गेंदों पर 72 रन बनाकर खेल रहे हैं.
ईरानः जंग के बाद पहली बार खुला तेहरान हवाई अड्डा, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से ईरानी हवाई क्षेत्र काफ़ी हद तक बंद रहा है
ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम ख़ुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से शनिवार सुबह अंतरराष्ट्रीय उड़ानें फिर से शुरू हो गईं.
ईरानी मीडिया के मुताबिक़, इस हवाई अड्डे से मध्य-पूर्व के कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू हुईं, जिनमें सऊदी अरब का मदीना, ओमान का मस्कट और तुर्की का इस्तांबुल भी शामिल है.
28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के साथ जंग शुरू होने के बाद से ईरानी हवाई क्षेत्र काफ़ी हद तक बंद रहा है और यात्री उड़ानें करीब दो महीने से निलंबित थीं.
8 अप्रैल को पाकिस्तान ने कहा था कि अमेरिका और ईरान ने दो हफ़्तों के सशर्त युद्धविराम पर सहमति जताई है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 21 अप्रैल को कहा था कि उन्होंने इसे तब तक बढ़ाने पर सहमति दी है, जब तक ईरान बातचीत के लिए कोई प्रस्ताव पेश नहीं कर देता.
इस समय ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान में है और कई रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिका का प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान रवाना हो गया है.
हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच सीधी वार्ता होगी या नहीं.
इमाम ख़ुमैनी एयरपोर्ट की कुछ तस्वीरें -
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Reuters
मोसाद के लिए काम करने के आरोप में ईरान ने एक और शख़्स को फांसी दी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रदर्शन पिछले साल दिसंबर में शुरू हुए थे और यह जनवरी में ईरानी करेंसी के तेज़ी से गिरने और महंगाई बढ़ने के बाद तेज़ हो गए (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर यानी आईआरजीसी से जुड़ी समाचार एजेंसी फ़ार्स और तस्नीम के मुताबिक़, ईरान ने एक और व्यक्ति को फांसी दी है.
इस व्यक्ति पर देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान इसराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए 'मिशन' पर होने का आरोप लगाया गया था.
तस्नीम के मुताबिक़, उस व्यक्ति का नाम इरफ़ान कियानी था. उस पर जनवरी 2026 में हुए प्रदर्शनों के दौरान 'तोड़फोड़ और आगज़नी' और 'आतंक फैलाने' के आरोप लगाए गए थे.
दोनों एजेंसियों के मुताबिक़, ईरान के सुप्रीम कोर्ट के सज़ा की पुष्टि की थी.
प्रदर्शन दिसंबर में शुरू हुए थे और यह जनवरी में ईरानी करेंसी के तेज़ी से गिरने और महंगाई बढ़ने के बाद तेज़ हो गए थे.
दो दिन पहले ही 23 अप्रैल को भी सुल्तान अली शिरज़ादी नाम के एक शख़्स को फांसी दी गई. उन पर पीपल्स मोजाहेदीन ऑर्गेनाइजेशन का सदस्य होने और इसराइल के लिए जासूसी करने का आरोप था.
बीबीसी फ़ारसी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में ईरान में फ़ांसी देने के मामले बढ़े हैं. ईरानी मानवाधिकार समूहों ने भी इस पर चिंता व्यक्त की है.
ईरानी मानवाधिकार समूहों की मानें तो हाल ही में दी गईं फ़ांसी की सज़ाएं सिर्फ़ 'जासूसी' के आरोपों तक सीमित नहीं हैं.
ट्रंप के 'धरती पर नरक' वाले पोस्ट को शेयर करने पर चीन ने दी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग(प्रतीकात्मक तस्वीर)
भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिन ने एक्स पर ट्रंप के 'धरती पर नरक' वाले पोस्ट को शेयर करने पर निशाना साधा है. उन्होंने चीन और अमेरिका के वीडियो शेयर कर दोनों देशों की तुलना की है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, ''एक देश ख़त्म नहीं होने वाले युद्धों पर हर साल एक ट्रिलियन ख़र्च करता है. वहीं हम अपने लोगों के लिए बेहतर जीवन बनाने पर एक ट्रिलियन ख़र्च करते हैं. अगर इस जीवन को 'नरक' कहा जाता है, तो हम इसे हमेशा झेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.''
इसके साथ यू जिन ने एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें एक मेट्रो ट्रैक पर पड़ा कूड़ा दिख रहा है और उस वीडियो पर न्यू यॉर्क लिखा है , वहीं दूसरी ओर चीन के शहर शियान का एक वीडियो है, जिसमें चमचमाता इंफ्रास्ट्रक्चर दिख रहा है.
दरअसल अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दो दिन पहले माइकल सैवेज का एक बयान शेयर किया था.
उस बयान में लिखा था, "यहां एक बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या दुनिया की किसी और नरक से (अमेरिका) ले आते हैं. यह देखने के लिए आपको ज़्यादा दूर जाने की ज़रूरत नहीं है. यहाँ अब इंग्लिश नहीं बोली जाती."
ट्रंप के इस पोस्ट के बाद भारत में विपक्षी दलों ने काफ़ी तीखी प्रतिक्रिया दी थी.
जब भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से इस बारे में पत्रकारों ने सवाल किया गया तो उन्होंने सिर्फ़ इतना कहा था, "हमने ऐसी रिपोर्टें देखी हैं." हालांकि बाद में भारत सरकार ने भी इस पर कड़ा रुख़ अपनाया.
राजस्थानः अलवर में गोदाम में लगी आग, चार लोगों की मौत, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Lokesh Bhardwaj
इमेज कैप्शन, आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है
राजस्थान के अलवर ज़िले के नीमराणा में शुक्रवार शाम एक गोदाम में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई.
पुलिस ने गोदाम मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
नीमराणा की डिप्टी एसपी चारुल गुप्ता ने बीबीसी से फ़ोन पर बताया, "आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हुई है. उनके परिजन पहुंच गए हैं. उनका डीएनए सैंपल लिया जा रहा है, जिसके बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा."
चारुल गुप्ता ने बताया, "मृतकों में दो नाबालिग़ बच्चियां उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी की रहने वाली हैं. इनमें से एक बच्ची सात साल की है और दूसरी की उम्र की जांच की जा रही है. एक मृतक रविंद्र दत्त हरियाणा के महेंद्रगढ़ के अटेली के रहने वाले थे और एक मृतक जॉनी स्थानीय निवासी थे."
घटना के कारण के सवाल पर डीएसपी गुप्ता ने कहा, "आग के कारणों का फ़िलहाल पता नहीं चला है. हमने एफ़एसएल और फ़ायर ऑफ़िसर को बुलाया है. वे अपनी जांच रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं."
पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, जहां आग लगी, वह प्लास्टिक का गोदाम था. इसमें शुक्रवार शाम क़रीब पांच बजे आग लगी थी. मालिक के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कर जांच की जा रही है.
नीमराणा एसडीएम महेंद्र यादव ने बीबीसी से कहा, "हमने पूरी तलाश कर ली है. चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. एक महिला को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. आग के शुरुआती कारण के रूप में बीड़ी से लगना सामने आ रहा है, बाक़ी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा."
इमेज स्रोत, Lokesh Bhardwaj
इमेज कैप्शन, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य में ज़्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है इसलिए सावधानी बरतना ज़रूरी है
इस घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने दुख जताया है.
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "नीमराणा औद्योगिक क्षेत्र में लगी भीषण आग से चार मज़दूरों के ज़िंदा जलने और दो मज़दूरों के लापता होने की ख़बर बहुत दुख देने वाली है."
उन्होंने कहा, "गर्मी बढ़ने के साथ ही प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में आग लगने और इससे जनहानि की ख़बरें आ रही हैं."
अशोक गहलोत ने राजस्थान सरकार से आग लगने के जोखिम वाले व्यवसायों के लिए विशेष दिशानिर्देश जारी करने की अपील की है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल
आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
इस्लामाबाद: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तानी फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाक़ात
इमेज स्रोत, Iranian Ministry of Foreign Affairs
इमेज कैप्शन, अराग़ची पाकिस्तान के बाद ओमान और रूस की यात्रा करेंगे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बैठक जारी है. यह जानकारी ईरानी सरकारी मीडिया ने दी है.
अराग़ची शुक्रवार-शनिवार की रात इस्लामाबाद पहुंचे हैं. हालांकि, उनके दौरे में अमेरिका के साथ बैठक की कोई योजना प्रस्तावित नहीं है.
उन्होंने शुक्रवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया था कि पाकिस्तान में बैठकों के बाद वह ओमान और रूस की यात्रा करेंगे.
उधर, ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर आईआरआईबी
ने भी टेलीग्राम पर लिखा है कि विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की पाकिस्तान में अमेरिका
से मिलने की कोई योजना नहीं है.
आईआरआईबी ने कहा कि पाकिस्तान एक
"ब्रिज़" की भूमिका निभा सकता है और "संघर्ष ख़त्म करने को लेकर
ईरान के विचार आगे पहुंचा सकता है".
वहीं, व्हाइट हाउस ने पहले कहा था कि वह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और जैरेड
कुशनर को इस्लामाबाद भेज रहा है, क्योंकि
ईरान "आमने-सामने" बातचीत करना चाहता है.
अराग़ची शुक्रवार शाम पाकिस्तान
पहुंचे. पाकिस्तान में ईरानी दूतावास ने कहा है कि वह ईरान और पाकिस्तान के बीच
"द्विपक्षीय मामलों की समीक्षा" करेंगे.
एबीसी न्यूज़ ने पाकिस्तान सरकार के
एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया है कि अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस
वीकेंड पाकिस्तानी अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे.
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर ये
बैठकें अच्छी रहीं, तो इसके बाद रविवार को अमेरिकी और
ईरानी अधिकारी सीधे मुलाक़ात करेंगे.
केसीआर की बेटी कविता ने नई पार्टी बनाई, बीआरएस से हुई थीं निलंबित
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, के. कविता तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष भी हैं
तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के
चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता ने शनिवार को नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च की.
उन्होंने अपनी पार्टी का नाम 'तेलंगाना
राष्ट्र सेना' (टीआरएस) रखा है.
के. कविता ने हैदराबाद में आयोजित एक
कार्यक्रम में अपनी पार्टी के नाम का एलान किया. वह तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष भी
हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़,
के. कविता को सितंबर 2025 में भारत राष्ट्र समिति
(बीआरएस) से निलंबित कर दिया गया था.
उन्होंने अपने चचेरे भाइयों और
पार्टी नेताओं टी हरीश राव और जे संतोष कुमार पर आरोप लगाया था कि उन्होंने बीआरएस
शासन के दौरान बनी कालेश्वरम लिफ़्ट सिंचाई परियोजना को लेकर उनके पिता और बीआरएस
अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव की छवि "ख़राब" की.
ग़ाज़ीपुर मामले पर प्रियंका गांधी बोलीं, 'महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर में एक
नाबालिग़ लड़की की हत्या के मामले में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सरकार पर
निशाना साधते हुए कहा कि 'राज्य
में महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार चरम पर है'.
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा,
"ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज होने
में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना
और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के ख़िलाफ़
अत्याचार चरम पर है."
उन्होंने कहा, "बीजेपी राज में अब यही अघोषित क़ानून बन गया है
कि जब भी किसी महिला पर अत्याचार होता है तो पीड़ित को ही और प्रताड़ित किया जाता
है."
प्रियंका गांधी ने इस मामले को लेकर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा है.
उन्होंने कहा, "महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री जी की बड़ी-बड़ी
बातें सिर्फ़ दिखावा हैं. उन्नाव हो, हाथरस हो,
प्रयागराज हो या ग़ाज़ीपुर, जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, बीजेपी अपनी पूरी सत्ता के साथ पीड़िता के
ख़िलाफ़, अत्याचारी के साथ खड़ी हो गई."
प्रियंका गांधी ने कहा कि देशभर की
महिलाएं ये 'अंधेरगर्दी' देख रही हैं.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है
क्या है मामला?
एडीजी वाराणसी पीयूष मोर्डिया के मुताबिक़, "14-15 अप्रैल की रात ग़ाज़ीपुर जनपद के कटरिया गांव से एक बालिका गायब हो गई थी. सुबह लगभग 5:30 बजे के आसपास तीन किलोमीटर दूर गंगा के पुल के पास नदी में उसका शव मिला."
उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई सूचना के आधार पर एफ़आईआर दर्ज कर ली गई है और मुख्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने यह भी बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है.
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने लड़की के परिजनों से मुलाक़ात की है और उनके पिता से इस पूरी घटना पर बात की है. इसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई की गई है.
उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने इस मामले में फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट के ज़रिए अभियुक्त को जल्द से जल्द सज़ा दिलाने की मांग की है.
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने कहा, "इस घटना के बाद कुछ राजनीतिक दलों और तत्वों ने गांव में अशांति फैलाने का प्रयास किया. इस मामले के मुख्य तथ्यों से हटकर बातें बताकर परिजनों की भावनाओं को भड़काने का काम किया गया है."
उन्होंने सभी से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया.
अमेरिकी सेना ने ईरान के झंडे वाले जहाज़ को रोका
इमेज स्रोत, X/CENTCOM
इमेज कैप्शन, सेंटकॉम ने अपने बयान के साथ यह तस्वीर भी साझा की है
अमेरिकी सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) का
कहना है कि उसके एक जंगी जहाज़ ने ईरान के झंडे वाले एक जहाज़ को ईरानी बंगरगाह की
ओर जाने से रोक दिया है.
सेंटकॉम ने एक्स पर एक बयान जारी कर
कहा, "गाइडेड मिसाइल डेस्ट्रॉयर यूएसएस
राफ़ेल पेराल्टा ने शुक्रवार, 24
अप्रैल को ईरान के झंडे वाले एक जहाज़ को उस वक़्त रोका, जब वह ईरान के एक बंदरगाह की ओर जा रहा था."
इस बयान के साथ सेंटकॉम ने एक तस्वीर
भी साझा की है.
इससे पहले शुक्रवार को जारी एक अन्य
बयान में सेंटकॉम ने कहा कि उसने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के दौरान अब तक 34
जहाज़ों का रास्ता बदला है.
ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की
वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों
की नाकाबंदी का एलान किया था.
ईरान ने इस नाकाबंदी का कड़ा विरोध
किया और इस सीज़फ़ायर का उल्लंघन बताया. इसके साथी ही ईरान ने फिर से होर्मुज़ को
बंद करने का फ़ैसला लिया.
पवन खेड़ा के मामले में गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, गुवाहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के मामले
में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़
सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है.
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने शुक्रवार को
पवन खेड़ा की अग्रिम ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी.
यह मामला असम के मुख्यमंत्री हिमंत
बिस्वा सरमा की पत्नी से जुड़ा हुआ है. पवन खेड़ा ने आरोप लगाया था कि हिमंत
बिस्वा सरमा की पत्नी के पास कई पासपोर्ट और विदेश में अघोषित संपत्तियां हैं.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा, "पूरी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने
मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा के साथ पूरी मजबूती से एकजुट खड़ी
है."
उन्होंने कहा, "गुवाहाटी हाई कोर्ट के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट
में चुनौती देने की प्रक्रिया चल रही है. हमें विश्वास है कि धमकी, डराने-धमकाने, और उत्पीड़न की राजनीति पर न्याय की जीत होगी."