You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, युद्ध ख़त्म करने के लिए ईरान ने भेजा प्रस्ताव, क्यों खु़श नहीं हुए डोनाल्ड ट्रंप

ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने के लिए नया प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे ख़ुश नहीं हैं.

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. युद्ध ख़त्म करने के लिए ईरान ने भेजा प्रस्ताव, क्यों खु़श नहीं हुए डोनाल्ड ट्रंप

    ईरान ने हाल ही में अमेरिका को युद्ध ख़त्म करने के लिए नया प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इससे ख़ुश नहीं हैं.

    रॉयटर्स ने एक अधिकारी के हवाले से जानकारी दी कि ट्रंप के नाख़ुश होने की वजह ये है कि प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम का ज़िक्र नहीं है.

    इससे पहले व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट ने बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप इस प्रस्ताव पर अपने वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ चर्चा कर रहे हैं.

    इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है और इस इलाक़े से ऊर्जा की आपूर्ति कम हो गई है.

    दूसरी ओर, पिछले दो दिनों में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची पाकिस्तान, ओमान और रूस की यात्रा कर चुके हैं. माना जा रहा है कि उनका मक़सद ईरान के लिए समर्थन जुटाना है.

    गौरतलब है कि इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत नहीं हो पाई, जिसके बाद ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपना प्रस्ताव फ़ोन के ज़रिए भी भेज सकता है.

  2. मेलानिया के बारे में कॉमेडियन ने कही ऐसी बात, ट्रंप बोले- नौकरी से निकालो

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डिज़्नी और एबीसी से होस्ट और कॉमेडियन जिमी किमेल को तुरंत नौकरी से निकालने की मांग की है.

    इसकी वजह वह मज़ाक है जो लेट-नाइट होस्ट ने फ़र्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के बारे में अपने शो में किया, जिसमें उन्होंने मेलानिया को एक 'एक्सपेक्टेंट विडो' कह दिया था.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं आमतौर पर जिमी किमेल की किसी बात पर ध्यान नहीं देता, लेकिन यह टिप्पणी हद से बाहर है. जिमी किमेल को तुरंत डिज़्नी और एबीसी से निकाल देना चाहिए."

    मेलानिया ट्रंप ने भी जिमी किमेल की आलोचना की है. फ़र्स्ट लेडी ने किमेल की बातों को 'नफ़रत भरी और हिंसक' बताया. साथ ही उनके चैनल एबीसी से इस व्यवहार पर कार्रवाई की मांग की.

    मेलानिया ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट करते लिखा, "जिमी जैसे लोगों को हर शाम हमारे घरों में घुसकर नफ़रत फैलाने का मौका नहीं मिलना चाहिए. उनके शब्द ज़हरीले हैं."

    गौरतलब है कि होस्ट जिमी किमेल की यह टिप्पणी व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर से कुछ दिन पहले की थी.

  3. ट्रंप की डिनर पार्टी में फ़ायरिंग करने वाले संदिग्ध पर लगे ये आरोप, हो सकती है उम्रकैद की सज़ा, शैमा खलील और रीगन मॉरिस

    व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान फ़ायरिंग करने वाले शख़्स पर 'अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश' का आरोप लगाया गया है.

    31 वर्षीय कोल टोमस एलेन पर सोमवार को वॉशिंगटन डीसी की अदालत में पेश होने पर दो हथियारों से जुड़े आरोप भी लगे. उसने कोई दलील नहीं दी.

    जज के सवालों का जवाब उसने धीमी आवाज़ में दिया और लगभग हर सवाल पर "हां, योर ऑनर" या "नहीं, योर ऑनर" कहा.

    अगर संदिग्ध शख़्स दोषी पाया गया तो उसे उम्रकैद की सज़ा हो सकती है.

    कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर में फ़ायरिंग के दौरान एक सीक्रेट सर्विस एजेंट घायल हुआ, लेकिन गंभीर चोट नहीं आई.

    गौरतलब है कि संदिग्ध हमलावर ने लिंक्डइन पर खुद को मैकेनिकल इंजीनियर, गेम डेवलपर और शिक्षक बताया है. वह कैलिफ़ोर्निया के टॉरेंस के रहने वाला है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.